Top News

कमरे में फं*दे से लटका मिला नवविवाहिता का शव


मीरगंज थाना क्षेत्र के कठबजरा मुसहरी गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान के. नगर थाना क्षेत्र के करवारहिका निवासी अर्पणा देवी की बेटी दुलारी कुमारी (19) के रूप में हुई है। दुलारी की शादी करीब एक वर्ष पहले मनीष ऋषि से हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच की।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या बताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मृतका के ससुराल और मायके में मातम पसरा हुआ है।

मृतका के ससुर धोटन ऋषि ने बताया कि रविवार रात दुलारी ने खाना बनाया था और परिवार के लोगों को खाना खिलाने के बाद खुद भी खाना खाकर कमरे में सोने चली गई थी। सोमवार सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को शक हुआ।

इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो दुलारी का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मृतका की मां अर्पणा देवी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों के माध्यम से उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह परिजनों के साथ कठबजरा मुसहरी पहुंचीं, जहां दुलारी का शव फंदे से लटका मिला।
मीरगंज थानाध्यक्ष आदित्य किरण ने बताया कि कठबजरा मुसहरी में आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद उसके आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post