पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक के लालगंज पंचायत भवन एवं नगर निगम क्षेत्र के जगदंबा स्मारक मध्य विद्यालय में वार्ड संख्या 4, 5, 6 एवं 7 के नागरिकों के लिए आयोजित सहयोग शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का जायजा लिया तथा शिविर में पहुंचे लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
विधायक ने एडीएम सह सिटी कमिश्नर, ट्रेजरी ऑफिसर, बीडीओ, सीओ सहित अन्य अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पंचायत एवं नगर निगम क्षेत्रों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही त्वरित समाधान करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस, शनिवार को अंचल कार्यालयों में जनता दरबार तथा प्रत्येक गुरुवार को महादलित बहुल टोलों में संत रविदास विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 17 से 22 अगस्त तक बिजली विभाग के प्रखंड, अनुमंडल एवं प्रमंडल कार्यालयों में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। विधायक ने अधिकारियों से शिविरों को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने तथा बुजुर्गों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने को कहा।
शिविर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष नागरिकों के अलावा मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, नगर निगम के वार्ड पार्षद तथा भाजपा एवं एनडीए के नेता मौजूद रहे।
Post a Comment