Top News

पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन पहुंची मुरलीगंज, रेल संघर्ष समिति ने किया स्वागत


 पटना और पूर्णिया कोर्ट के बीच शुरू हुई रात्रिकालीन स्पेशल ट्रेन के मंगलवार सुबह मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने लोको पायलट सहित अन्य रेलकर्मियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। ट्रेन करीब 7:20 बजे मुरलीगंज स्टेशन पहुंची। इस दौरान समिति के सदस्यों ने लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर को फूल-माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ट्रेन के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार पर खुशी जताई।

रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि ट्रेन के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार से मुरलीगंज, मधेपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। पहले इस ट्रेन के सहरसा तक चलने की बात थी। क्षेत्र के यात्रियों की मांग को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रेल मंत्री और रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से रखा, जिसके बाद ट्रेन का विस्तार पूर्णिया कोर्ट तक किया गया।

समिति ने कहा कि रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू होने से छात्र-छात्राओं, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे पटना और पूर्णिया के बीच रात्रि आवागमन की सुविधा भी बेहतर होगी।

रेल संघर्ष समिति ने ट्रेन के पूर्णिया कोर्ट तक विस्तार के लिए सांसद पप्पू यादव के साथ रेल मंत्रालय और रेलवे के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

स्वागत कार्यक्रम में रेल संघर्ष समिति के महासचिव प्रशांत कुमार, संरक्षक दिनेश मिश्र, संयोजक विजय कुमार, सचिव विकास आनंद, सह-संयोजक श्याम आनंद, सुजीत कुमार शास्त्री, संजय सुमन, पवन यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post