Top News

मक्का गद्दी की दीवार तोड़कर चोरी, संदिग्धों से पूछताछ के दौरान हंगामा


कुरसेला थाना क्षेत्र के तीनघरिया ढाला के समीप अयोध्यागंज बाजार में सोमवार की देर रात चोरों ने मक्का गद्दी को निशाना बनाते हुए पीछे की दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर बंडल में रखी खाली बोरियों के साथ मक्का की बोरियां भी लेकर फरार हो गए। वहीं, बाजार के समीप स्थित टावर से बैटरी और तेल चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद मक्का गद्दी संचालक रवि चौधरी ने कुरसेला थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को मक्का गद्दी से जुड़े लोगों ने चोरी के मामले में एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने कथित तौर पर चार अन्य लोगों के नाम बताए, जिसके बाद उन्हें भी बुलाया गया।

इस दौरान अयोध्यागंज बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपियों के साथ मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही कुरसेला पुलिस मौके पर पहुंची और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों के पास से सुलेशन के पाउच और ताले की एक चाबी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों से चोरी के सामान और उसे बेचने के संबंध में पूछताछ कर रही है। पूछताछ में चोरी का सामान मछलीपट्टी हाट में बेचने की बात सामने आने की जानकारी दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के साथ-साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post