Top News

सूखा नशा बेचने वालों पर पूर्णिया पुलिस का शिकंजा, एसएसपी ने जनता से मांगा सहयोग

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को तेज करते हुए पूर्णिया पुलिस ने प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस केंद्र से समाहरणालय रोड, आरएन शाह चौक होते हुए झंडा चौक तक प्रभात फेरी निकाली गई।प्रभात फेरी के दौरान पुलिसकर्मियों और अभियान से जुड़े लोगों ने आम जनता से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे परिवार व समाज पर पड़ने वाले असर के बारे में जागरूक किया गया।इस दौरान पूर्णिया पुलिस केंद्र परिसर में नशा मुक्ति अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया


नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे की गिरफ्त में आने वाले लोगों की स्थिति और इससे परिवारों पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रदर्शित करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने पूर्णिया के आम लोगों से नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने मोहल्ले और गांव में भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी भूमिका निभाएं।उन्होंने बताया कि पूर्णिया पुलिस ने सूखा नशा बेचने वाले पुराने और नए तस्करों को चिन्हित कर लिया है

ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण पहले की तुलना में नशे की मांग में काफी हद तक कमी आई है।एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल पुलिस की कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज और आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा बेचने और इसका कारोबार करने वालों की जानकारी पुलिस को दें तथा पूर्णिया को नशामुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post