आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने की। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं जुलूस समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि बहादुरगंज की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल के रूप में रही है। सभी लोग इस परंपरा को कायम रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित लोगों ने पर्व के दौरान प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वार्ड पार्षद प्रिंस आजम, मौलाना अब्दुल कलाम नूरी, नुरुल हुदा अंसारी, बंटी सिन्हा, शितुल सिन्हा, वार्ड पार्षद आफताब आलम, एएसआई सुजीत कुमार, अखिलेश कुमार, मुंशी सुभाष, शत्रुघ्न कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Post a Comment