घर से निकलकर काम करने गए 12 वर्षीय उमर आलम की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त बोहिता निवासी आइसक्रीम विक्रेता बादशाह रियासत (24) को बहादुरगंज एलआरपी चौक के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पेड़ का डंडा, बिजली का तार और खून लगा कपड़ा बरामद किया गया है। आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार को एसपी संतोष कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को सुन्दरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलवर्ट के पास नहर से उमर का शव बरामद हुआ था। मृतक के पिता नदीम की शिकायत पर कोचाधामन थाना में कांड संख्या 437/26 दर्ज किया गया। एसपी ने मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की थी।
पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में बादशाह ने बताया कि 18 अगस्त को वह आइसक्रीम ट्रॉली लेकर सारोगोरा गांव गया था। मोहरा पेट्रोल पंप के पास उसकी मुलाकात उमर से हुई। ट्रॉली में धक्का लगाने के लिए उसने उमर को काम पर रखा। दिनभर दोनों ने साथ में आइसक्रीम बेची।
रात में सुन्दरबाड़ी-दांती के बीच कलवर्ट के पास आरोपी नशा करने लगा। उमर ने मेहनताना मांगा तो कम पैसे मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार गुस्से में बादशाह ने पेड़ की टहनी, बिजली के तार, बैटरी, एफएम बाजा और कैंची से उमर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंककर फरार हो गया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से बैटरी, एफएम बाजा, कैंची, आइसक्रीम ट्रॉली, एक जोड़ी चप्पल और जमीन पर मिले खून के नमूने जब्त किए थे। आरोपी की निशानदेही पर अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए।
Post a Comment