कोढ़ा नगर पंचायत के गेड़ाबाड़ी स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर की बोरिंग का लोहे का पाइप चोर उखाड़ ले गए। घटना के बाद विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर पंचायत की ओर से छात्राओं को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर लगाया गया था। चोरों ने बोरिंग में लगा लोहे का पाइप उखाड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। विद्यालय में रात्रि प्रहरी की तैनाती के बावजूद चोरी की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि छात्राओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर वाटर कूलर लगाया गया था। विद्यालय जैसे स्थान पर इस प्रकार की चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की जरूरत है।
मुख्य पार्षद ने विद्यालय पहुंचकर घटना का जायजा लिया और चोरी की जांच कर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुविधा के लिए लगाए गए संसाधनों को नुकसान पहुंचाने से सीधे तौर पर विद्यार्थियों के हित प्रभावित होते हैं।
Post a Comment