Top News

आपूर्ति विभाग के कर्मी काला बिल्ला लगाकर जता रहे विरोध


सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राशन कार्ड, ई-केवाईसी सहित अन्य कार्यों का बढ़ता दबाव और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने से आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों में नाराजगी है। बिहार आपूर्ति सेवा संघ के आह्वान पर जिले के आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी और कर्मचारी 20 से 26 अगस्त तक काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध दर्ज करा रहे हैं।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनजीत माहेश्वरी ने बताया कि आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को पीडीएस संचालन के अलावा निर्वाचन, विधि-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा समेत कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। इसके बावजूद कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन, वाहन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

संघ की प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति दूर करना, प्रखंड स्तर पर वाहन उपलब्ध कराना, राशन कार्ड निर्माण एवं ई-केवाईसी के लिए निर्धारित समय-सीमा का पालन कराना तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन शामिल है। इसके अलावा आपूर्ति कार्यालयों में पर्याप्त कंप्यूटर, स्कैनर और अन्य तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि कई कार्यालयों में बैठने और काम करने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लगातार बढ़ रहे कार्यभार और संसाधनों की कमी से काम का दबाव बढ़ता जा रहा है। संघ ने सरकार और विभाग से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों से जुड़े राशन कार्ड और ई-केवाईसी जैसे महत्वपूर्ण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post