Top News

भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की कार्रवाई, पिकअप से 6 मवेशी जब्त

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने शुक्रवार की सुबह नाका चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से छह मवेशी और 49,500 रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब चार बजे एसएसबी के आठ जवान सीमा स्तंभ संख्या-135 से करीब दो किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप नाका लगाकर जांच कर रहे थे। सुबह करीब पांच बजे डूबाटोली की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर तेज रफ्तार से भाग निकला। जवानों ने पीछा किया तो चालक लोहागरा पशु मेला के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि वाहन में सवार मो. शाहजहां (47), पिता मो. लुकमान, निवासी दोगिर्जा, पोस्ट मंगुरा, थाना दिघलबैंक, जिला किशनगंज को मौके पर पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी के दौरान एक गाय, चार बछड़े और एक बछिया समेत कुल छह मवेशी बरामद हुए। इसके अलावा एक वीवो मोबाइल फोन तथा 500 रुपये के 99 नोट यानी कुल 49,500 रुपये नकद भी मिले। बरामद पिकअप का पंजीकरण संख्या BR-37GA-6365 है।

पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने फरार चालक की पहचान शिवु लाल हरिजन, निवासी थाना दिघलबैंक क्षेत्र के रूप में की। अधिकारियों के अनुसार उसके विरुद्ध दिघलबैंक थाना में कांड संख्या 42/24, दिनांक 9 अप्रैल 2024 से एक मामला पहले से दर्ज है। एसएसबी ने गिरफ्तार व्यक्ति, बरामद वाहन, नकदी और मवेशियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post