Top News

पूर्णिया में स्मेक तस्करी का नया मॉडल! ब्यूटी पार्लर बना नशे का अड्डा, 50 लाख का स्मेक बरामद

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया में स्मेक तस्करी के नेटवर्क को लेकर पुलिस की कार्रवाई ने सनसनी मचा दी है। के. हाट थाना पुलिस ने जनता चौक स्थित धुर्व उद्यान के समीप एक ब्यूटी पार्लर में छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य का स्मेक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, तस्करी के इस कथित नेटवर्क में महिलाओं को भी शामिल किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।पुलिस जांच के अनुसार,राधा ब्यूटी पार्लर की संचालिका राधा देवी और उसके पति प्रमोद कुमार पर स्मेक की कथित खरीद-बिक्री में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने दोनों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से कुल 452.48 ग्राम स्मेक बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रामबाग स्थित MIT कॉलेज के आसपास इनके घर से भी स्मेक बरामद हुआ है


ब्यूटी पार्लर की आड़ में नशे का कथित कारोबार?

पुलिस के सामने आई जानकारी के मुताबिक, ब्यूटी पार्लर को कथित तौर पर स्मेक नेटवर्क के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में यह भी बात सामने आई है कि राधा देवी ने कथित रूप से कुछ अन्य महिलाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ रखा था।पुलिस को शक है कि महिलाओं को आगे रखकर तस्करी करने का यह तरीका पुलिस की नजर से बचने के लिए अपनाया गया हो सकता है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और उनकी भूमिका क्या है, इसका अंतिम खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर स्मेक की सप्लाई से जुड़े दूसरे ठिकानों और लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़ी महिलाएं कथित रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मेक लाने के लिए कुरियर की भूमिका निभाती थीं।बताया जा रहा है कि इसके लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल किया जाता था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।पूर्णिया पुलिस पिछले कुछ समय से जिले में स्मेक की खरीद-बिक्री को लेकर लगातार इनपुट जुटा रही थी। इसी क्रम में के. हाट थाना पुलिस को ब्यूटी पार्लर और उससे जुड़े ठिकानों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।सदर एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि पूर्णिया पुलिस को लगातार स्मेक तस्करी से संबंधित इनपुट मिल रहे हैं और इन सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है


क्या महिलाओं को ढाल बनाकर चल रहा था नेटवर्क?

इस कार्रवाई ने पूर्णिया में स्मेक तस्करी के बदलते तौर-तरीकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि तस्कर अब पारंपरिक तरीकों से हटकर महिलाओं और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं।हालांकि, पुलिस जांच में अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर कौन है, स्मेक की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस पूरे कथित सिंडिकेट में कितने लोग शामिल हैं।फिलहाल करीब 50 लाख रुपये मूल्य के स्मेक की बरामदगी और ब्यूटी पार्लर से जुड़े कथित नशे के कारोबार ने पूर्णिया में सनसनी फैला दी है। पुलिस की जांच और छापेमारी जारी है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post