नगर पंचायत मीरगंज के खगहा से डकैता जाने वाली नहर किनारे रविवार सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रुपौली-पूर्णिया स्टेट हाईवे पर स्थित नगर पंचायत मीरगंज कार्यालय के ठीक सामने नहर किनारे झाड़ी में पड़ा था।
सुबह पशुपालकों की नजर झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मीरगंज थाना पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को झाड़ी से बाहर निकालकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक के गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से जख्म के निशान पाए गए हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मीरगंज थानाध्यक्ष आदित्य किरण ने देर शाम बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में कई जानकारियां ली गई हैं। शव की शिनाख्त के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर भी फोटो साझा की गई, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के इलाकों में भी मृतक की पहचान कराने और घटना की जांच की जा रही है।
Post a Comment