समस्तीपुर। हसनपुर में चीनी मिल होने के बावजूद बाजार में लगातार बढ़ रहे चीनी के मूल्य को लेकर हसनपुर प्रखंड के वरिष्ठ राजद नेता रामनारायण मंडल उर्फ बच्ची मंडल ने चिंता और दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि बाजार में चीनी की कीमत करीब 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, लेकिन गन्ना किसानों को उनकी मेहनत और उत्पादन लागत के अनुरूप उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बच्ची मंडल ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर गन्ने की खेती करते हैं। खाद, डीजल, बिजली, मजदूरी और सिंचाई समेत कृषि लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि गन्ना किसानों को कम से कम 650 रुपये प्रति क्विंटल का उचित और लाभकारी मूल्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि बढ़ती लागत के बीच किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए गन्ने का लाभकारी मूल्य तय करने के साथ-साथ चीनी के बाजार मूल्य और किसानों को मिलने वाले गन्ना मूल्य के बीच के अंतर पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए। “किसान मजबूत होगा, तभी बिहार मजबूत होगा और बिहार मजबूत होगा, तभी देश मजबूत होगा।” उन्होंने सरकार से किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
चीनी के बढ़ते दाम पर बोले राजद नेता किसानों को भी मिले उचित गन्ना का मूल्य
Cityhalchal News
0
Post a Comment