Top News

बहरखाल नहर पुल पर रेलिंग नहीं, हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा


कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के बहरखाल पंचायत में प्रधानमंत्री सड़क से जुड़े मुख्य मार्ग पर स्थित नहर का पुल इन दिनों हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से निकलकर बहरखाल पंचायत के विभिन्न गांवों से होते हुए डिगरी, कोलासी और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर बहरखाल गांव के वार्ड संख्या-11 में बड़ी नहर पर बना पुल बिना सुरक्षा रेलिंग के है।

पुल के दोनों ओर रेलिंग नहीं होने से राहगीरों की जान जोखिम में रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पूर्व में कई सड़क हादसे हो चुके हैं। बहरखाल निवासी अरुण महतो के 19 वर्षीय पुत्र मिठ्ठू कुमार की भी इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई अन्य लोग भी दुर्घटनाओं में घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके अब तक पुल पर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।

पुल से प्रतिदिन बाइक, ऑटो और चारपहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। पुल संकरा होने और पास में तीखा मोड़ होने के कारण खासकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के दिनों में नहर में पानी बढ़ने और फिसलन के कारण खतरा और बढ़ जाता है।

जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह कुशवाहा ने पुल पर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग करते हुए कहा कि इस स्थान पर पहले भी जानलेवा हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर से जिला प्रशासन को भी इस समस्या से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पुल के दोनों ओर मजबूत रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post