Top News

अमौर में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ 3 किलो चांदी के जेवर ले उड़े चोर


 अमौर-कसबा स्टेट हाईवे-99 पर प्रखंड मुख्यालय के सामने स्थित राय ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

चोरी की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब दुकानदार मनोज कुमार राय रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। शटर का लॉक टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर जाने पर शोकेस भी क्षतिग्रस्त मिला और उसमें रखे चांदी के जेवर गायब थे।

दुकानदार ने बताया कि शनिवार दोपहर दो अज्ञात व्यक्ति जेवर खरीदने और बेचने के सिलसिले में दुकान पर आए थे। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दो दिन में जानकारी देने की बात कही थी। चोरी के बाद दुकानदार को आशंका है कि कहीं उन दोनों व्यक्तियों की इस वारदात में कोई भूमिका तो नहीं है। हालांकि, यह केवल दुकानदार की आशंका है और मामले में उनकी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस रात के दौरान दुकान के आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करने में जुटी है।

पीड़ित मनोज कुमार राय के लिखित आवेदन पर अमौर थाना में कांड संख्या 367/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 331(2)/305(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी अनंत राम को सौंपी गई है।

थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस के सामने अब चोरी गए करीब तीन किलो चांदी के आभूषणों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की चुनौती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post