Top News

पूर्णिया में जमीन विवाद में चचेरे ससुर ने बहू को मारी गोली, 3 कट्ठा जमीन के लिए 6-7 साल से चल रहा था विवाद

पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र के दनसार कचना रहिका टोला में महज 3 कट्ठा जमीन के विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। जमीन को लेकर चल रहे लंबे विवाद में चचेरे ससुर ने कथित तौर पर अपनी बहू को गोली मार दी। गोली महिला की पीठ में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, विवादित करीब 3 कट्ठा जमीन महिला के ससुर के नाम पर है। आरोप है कि परिवार का ही विशो दास उक्त जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी जमीन को लेकर पिछले 6-7 वर्षों से परिवार में विवाद और तनाव चल रहा है।
पहले पति की हत्या, फिर बेटे पर हमला
घायल महिला की सास सुगनी देवी के मुताबिक, जमीन विवाद पहले भी परिवार के लिए जानलेवा साबित हो चुका है। उन्होंने बताया कि इसी विवाद के दौरान उनके पति की पूर्व में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनके बेटे पर भी जानलेवा हमला किया गया था। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को भी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दिन में आरोपी ने कथित तौर पर तलवार से उनके बेटे पर हमला किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
परिजनों के मुताबिक, दिन में तलवार से हमला करने के बाद शाम को आरोपी ने दोबारा हमला किया और गोली चला दी। गोली वहां मौजूद कोमल कुमारी की पीठ में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डगरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। वहीं, गोली चलाने का आरोपी विशो दास घटना के बाद से घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महज 3 कट्ठा जमीन के लिए वर्षों से चल रहे विवाद में पहले हत्या, फिर जानलेवा हमला और अब बहू को गोली मारे जाने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post