सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर समस्तीपुर जिले के विद्यापतिधाम स्थित बाबा विद्यापति मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। अनुमान के अनुसार, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विद्यापति के दरबार में पहुंचकर जल अर्पित किया।
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा सहित विभिन्न नदियों और पवित्र जलस्रोतों से जल लेकर विद्यापतिधाम पहुंचे। कई कांवरिये और श्रद्धालु पैदल यात्रा कर बाबा के दरबार में पहुंचे।
**हर- हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजा विद्यापतिधाम**
सुबह से ही विद्यापतिधाम का पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। मंदिर प्रशासन की ओर से भक्तों को कतारबद्ध तरीके से पूजा-अर्चना कराने की व्यवस्था की गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही। अधिकारी लगातार भीड़ की निगरानी करते रहे और आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को नियंत्रित करते नजर आए।
**यातायात और सुविधाओं पर रहा विशेष ध्यान**
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सहायता और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया गया। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से कतार में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।
मंदिर के आसपास फूल-माला, प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। अंतिम सोमवारी को लेकर स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
दिनभर बाबा विद्यापति के दरबार में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। शाम तक मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ी यह विशाल भीड़ लोगों की गहरी आस्था और धार्मिक विश्वास को दर्शाती रही।
**निरंजन जायसवाल, ब्यूरो चीफ, समस्तीपुर**
Post a Comment