फिटनेस और रनिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सक्रिय पूर्णिया रन क्लब के 10 धावकों ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित टफमैन हाफ मैराथन में हिस्सा लिया। रविवार सुबह पांच बजे शुरू हुई इस दौड़ में क्लब के सभी धावकों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में सफलतापूर्वक दौड़ पूरी कर पूर्णिया और बिहार का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता में पूर्णिया रन क्लब की ओर से डॉ. हिमांशु प्रथम, प्रीतम आनंद द्वितीय और अमन वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में प्रीतम आनंद, अमन वर्मा, डॉ. हिमांशु, रवि रंजन, शौर्य रॉय, विकास आदित्य, आयुष ठाकुर, ऋत्विक मिश्रा, सुमिरन कार्की और भावी गुम्बर ने हिस्सा लिया।
पूर्णिया रन क्लब पिछले कुछ समय से शहर में रनिंग, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में सक्रिय है। क्लब का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नियमित व्यायाम और दौड़ से जोड़ना तथा पूर्णिया में मजबूत फिटनेस समुदाय तैयार करना है।
क्लब के सदस्यों ने कहा कि मैराथन में भागीदारी केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूर्णिया में रनिंग और फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। “फिट रहेगा पूर्णिया, तभी तो आगे बढ़ेगा पूर्णिया” के संदेश के साथ क्लब अधिक से अधिक लोगों को रनिंग से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
Post a Comment