कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत बांसगांव पंचायत के मालापारा नदी घाट पर युवा कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय नौका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय नाविकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नौका दौड़ देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग नदी घाट पर पहुंचे।
प्रतियोगिता में बिंद टोली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कस्बा टोली की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को आयोजन समिति की ओर से ट्रॉफी और सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर कमेटी सदस्यों ने दर्शकों और सहयोगियों का आभार जताया।
ग्रामीणों ने उठाई पुल निर्माण की मांग
नौका दौड़ के दौरान ग्रामीणों ने मालापारा नदी पर पुल निर्माण की मांग जोरदार तरीके से उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से इस घाट पर पुल निर्माण की मांग की जा रही है। विभाग की ओर से अब तक करीब चार-पांच बार स्थल की नापी भी कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक महबूब आलम ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मालापारा पुल समेत क्षेत्र के अन्य पुलों के निर्माण की मांग विधानसभा में उठाई थी। उन्होंने कहा कि पुल के अभाव में क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारसोई से ग्वालटोली, ग्वालटोली से मालापारा होते हुए लोग बिघोर तक पहुंचते हैं। इसके बाद बाहींन नदी पार कर पश्चिम बंगाल जाने का रास्ता है। इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बिहार से पश्चिम बंगाल जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने मालापारा नदी पर जल्द पुल निर्माण की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व मुखिया इफ्तिखारुज जमा, पूर्व मुखिया राकिऊद्दीन चौधरी, समाजसेवी मास्टर रजीउद्दीन चौधरी, पंचायत सचिव बलराम, समिति सदस्य बिपुल दास, जिला परिषद सदस्य आफताब ताज, सरपंच लतीफुर रहमान उर्फ डबुआ, जिला परिषद उम्मीदवार मो. मुस्ताक आलम, वार्ड सदस्य मो. मुस्तकीम, मो. मुनाफ, मो. फरीद डमरू पहाड़िया, संजय कुमार, मुजफ्फर हुसैन, अशोक कुमार, दुर्गा साहा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post a Comment