पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर महिला पर गलत नजर रखने, अश्लील वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना से आहत 37 वर्षीय पीड़िता ने टाउन थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसका पति करीब दो माह पूर्व रोजगार की तलाश में महानगर गया है। इसके बाद से ही उसका ननदोशी उस पर बुरी नजर रखने लगा और कई बार प्रेम का इजहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बाद में आरोपी ने अपने फोटो के साथ पीड़िता का फोटो जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
पीड़िता जब शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार कर उसे वहां से भगा दिया। पीड़िता का आरोप है कि 19 अगस्त की रात आरोपी चुपके से उसके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी।
घटना के बाद 22 अगस्त को गांव में स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई। पीड़िता का आरोप है कि पंचायत के दौरान भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने के बाद पीड़िता टाउन थाना पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Post a Comment