एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में नशामुक्ति और साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को टाउन थाना, साइबर थाना और यातायात थाना के साथ-साथ बहादुरगंज, सुखानी सहित अन्य थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। शहरी क्षेत्र में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने लोगों को नशे से दूर रहने और साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। विशेष रूप से युवाओं और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशे की लत से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी संतोष कुमार ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त किशनगंज के सपने को साकार किया जा सकता है। साथ ही किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Post a Comment