:
मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 1 स्थित काशीपुर हाजी टोला में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से एक घर में रखा नगदी, जेवर, बर्तन, जरूरी कागजात समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में एक महिला भी झुलस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार वार्ड 1 निवासी मो. शमीम के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर से उठती आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा नगदी, जेवर, बर्तन, महत्वपूर्ण कागजात तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि आग लगने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना में एक महिला भी झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार कराया गया। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों से आग लगने की आशंका जता रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं अंचलाधिकारी (सीओ) किसलय कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। यदि घटना हुई है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment