Top News

पूर्णिया में चर्चित चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, महिला की हुई थी मौत


पूर्णिया जिले के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के शारदा नगर में वृद्ध महिला से चेन छीनने के दौरान हुई मौत के चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चेन बेचकर रखे गए 1 लाख 34 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

दरअसल, 5 जुलाई 2026 को शारदा नगर में लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने एक वृद्ध महिला की चेन झपट ली थी। अचानक हुई इस घटना में महिला सड़क पर गिर गई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव था।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 के एसडीपीओ अभिनव परासर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने कटिहार जिले में कई स्थानों पर छापेमारी की थी। उस समय आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन उनके घर से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई थीं।

लगातार तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 13 जुलाई को कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में छापेमारी कर इस मामले के मुख्य आरोपी जाबिर हुसैन (26 वर्ष), पिता जियाउल हक, निवासी हदयागंज हाजीपुर, वार्ड संख्या-11, थाना मुफस्सिल, जिला कटिहार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चेन बेचकर रखे गए 1.34 लाख रुपये नकद भी बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, सहायक खजांची थाना के सह-थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार, सशस्त्र बल एवं डीआईयू टीम की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post