Top News

पियाजी में खुला राजकीय डिग्री महाविद्यालय, छात्रों का उच्च शिक्षा का सपना हुआ साकार


बिहार सरकार के 'निश्चय 3.0 : उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य' कार्यक्रम के तहत बुधवार को राज्य के 211 प्रखंडों में एक साथ नए डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया। इसी कड़ी में बैसा प्रखंड के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पियाजी का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अख्तरूल ईमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय उद्घाटन समारोह के लाइव प्रसारण के साथ हुई। इसके बाद विधायक अख्तरूल ईमान ने महाविद्यालय के शिलापट्ट का अनावरण किया तथा फीता काटकर कॉलेज का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अपने संबोधन में विधायक अख्तरूल ईमान ने कहा कि पियाजी में डिग्री कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब स्थानीय विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने स्वागत भाषण में कहा कि कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत होगा। इससे बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार को भी नई गति मिलेगी।

समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन, प्रमुख मो. शमीम अख्तर उर्फ लालबाबू, मुखिया मो. शमीम, प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी गोपाल कुमार, शिक्षा पदाधिकारी साजिद अली, विधायक प्रतिनिधि अकील बदर, रागिब आसिम, मो. जावेद, मास्टर शाहिद, मो. गुलफाम, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post