के.नगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार में रविवार को स्थानांतरित हुए 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सरिता सरोज एवं उप प्रमुख विजय मिस्त्री ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर नवपदस्थापित बीडीओ मनीष कुमार और सीओ अजीत कुमार झा का भी स्वागत व सम्मान किया गया।
समारोह में निवर्तमान बीडीओ आशीष कुमार, प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कुमार गौरव, चार लिपिक तथा छह पंचायत सचिवों को फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मियों ने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
निवर्तमान बीडीओ आशीष कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का नियमित हिस्सा है। उन्होंने केनगर के बेहतर कार्य वातावरण की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार जताया। वहीं नवपदस्थापित बीडीओ मनीष कुमार और सीओ अजीत कुमार झा ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन सुचित्रा कुमारी एवं पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में राजस्व पदाधिकारी भवेश कुमार सिंह, एमओ आतिश सिन्हा, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील मेहता, मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश कुमार साह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post a Comment