Top News

मुरलीगंज में जाम पर सख्ती, सड़क घेरने वालों पर चलेगा चालान



मुरलीगंज शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या के समाधान को लेकर रविवार को पुलिस प्रशासन और चैंबर ऑफ कॉमर्स ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों, वाहन चालकों और ऑटो चालकों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और चालान की चेतावनी भी दी गई।

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के नेतृत्व में यह अभियान दुर्गा चौक, गोल बाजार, हाट बाजार समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क और नाले तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से तत्काल अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया गया।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। व्यवसायियों को निर्देश दिया गया कि सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक बाजार क्षेत्र में बड़े वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग न कराई जाए। यह कार्य सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच ही किया जाए। साथ ही दुकानदारों से अपने ग्राहकों को भी बाइक व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

प्रशिक्षु डीएसपी नूरूल हक ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर ऑटो या अन्य वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और चालान भी काटा जाएगा।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत ने बताया कि शहर की जाम की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के संयुक्त प्रयास से बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में निश्चित रूप से सुधार आएगा।
अभियान में चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, कुंदन सोनी, प्रेम कुमार मुन्ना, राजीव जायसवाल, मनोज भगत, कन्हैया जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post