Top News

:रेड लाइट एरिया में पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 महिलाओं को छुड़ाया, 4 गिरफ्तार


पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान 'नया सवेरा 3.0' के तहत किशनगंज पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर रेड लाइट एरिया में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पांच पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि अड्डे की संचालिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 खुसरू शिराज के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न स्थानों की पांच महिलाओं को मानव तस्करी एवं देह व्यापार के चंगुल से मुक्त कराया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम नगर निवासी आशा बेगम (35), छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी दिवाकर पंडित (20), बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा निवासी मो. असद (28) तथा जनता कन्हैयाबाड़ी निवासी नासीर आलम (20) शामिल हैं।

इस संबंध में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 434/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 'नया सवेरा 3.0' अभियान के तहत मानव तस्करी, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया में संचालित अवैध गतिविधियों तथा देह व्यापार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post