Top News

गुवाहाटी से पटना जा रही थी हेरोइन, महिला सहित 3 तस्कर गिरफ्तार



किशनगंज पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 232.72 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला सहित तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई गई है। आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

एसपी संतोष कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में फारिंगगोला चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सिलीगुड़ी से पटना जा रही बीआर 43 पी 9426 नंबर की बस की तलाशी में तीनों तस्कर गिरफ्तार किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी (32), वैशाली जिले के विदुपुर निवासी सोनू कुमार (27) और गौतम कुमार (20) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हेरोइन की खेप गुवाहाटी (असम) से पटना ले जा रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह के रूप में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे और पहले भी तीन बार तस्करी कर चुके हैं। पूछताछ में असम, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कई राज्यों में फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस ने लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है और सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post