Top News

किशनगंज में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ


खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 14 जुलाई तक किया जाएगा।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। उद्घाटन समारोह में छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की अंडर-17 आयु वर्ग की बालक फुटबॉल टीमें भाग ले रही हैं और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

चार दिनों तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post