बहादुरगंज थाना क्षेत्र के समेशर बाबू बस्ती में सोमवार की रात शातिर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी कुणाल सिन्हा पारिवारिक कार्य से अपने परिवार के साथ किशनगंज स्थित मामा के घर गए हुए थे। इसी कारण सोमवार रात वे घर नहीं लौट सके। घर बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर में सामानों की तलाश की। इस दौरान कमरे में रखी जेवरात की पोटली उनके हाथ लग गई, जिसे लेकर वे फरार हो गए।
मंगलवार सुबह गांव के रिश्तेदारों ने घर का मुख्य ताला टूटा देखा तो तत्काल मोबाइल से इसकी सूचना गृहस्वामी को दी। सूचना मिलते ही कुणाल सिन्हा किशनगंज से घर पहुंचे। घर के अंदर बिखरा सामान और टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 20 से 25 भर सोने के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए आभूषणों में गृहस्वामी के अलावा उनकी बहन के भी कई कीमती जेवर शामिल हैं। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना बहादुरगंज पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment