Top News

बिहार और यूपी के साइबर फ्रॉड का कनेक्शन किशनगंज तक, आरोपी गिरफ्तार


साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज साइबर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए साइबर फ्रॉड की रकम अपने बैंक खाते में मंगाकर उसका उपयोग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वैज्ञानिक, तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में चंदन कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न साइबर ठगी मामलों से प्राप्त अवैध राशि के ट्रांसफर, उपयोग और निकासी के लिए किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन और तकनीकी विश्लेषण में आरोपी की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार मंडल, निवासी धमेलागाछ, थाना गलगलिया, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन तथा विभिन्न बैंकों के तीन एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस मामले में साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी है। संगठित साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाना अथवा साइबर थाना को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post