कटिहार जिले के कुरसेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक पोषण आहार किट का वितरण किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल की अगुवाई में निक्षय मित्रों के सहयोग से क्षेत्र के 10 टीबी मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा, प्रखंड प्रमुख दीपमाला सिंह, शाहपुर धर्मी पंचायत के मुखिया अरुण कुमार यादव, पूर्वी मुरादपुर पंचायत की मुखिया अर्चना कुमारी, वार्ड पार्षद नागो राम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर टीबी मरीजों को नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों को प्रोटीन एवं अन्य पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने की सलाह देते हुए उपचार के दौरान खान-पान का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने टीबी मरीजों को गोद लेकर उनका मनोबल बढ़ाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कोई भी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी या आम नागरिक निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीज को गोद ले सकता है। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र प्रत्येक माह मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने में सहयोग करते हैं, जिससे उपचार के दौरान उन्हें बेहतर पोषण और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
Post a Comment