पूर्णिया शहर में लगातार बढ़ रही मोबाइल और सोने की चैन छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र का मिल्की गैंग और कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का हाजीपुर गैंग शहर में हो रही कई छिनतई की वारदातों में सक्रिय रहा है। बीते कुछ दिनों से दोनों गिरोहों के अपराधियों की लगातार गिरफ्तारी हो रही है।
रविवार को शारद नगर इलाके में चैन छिनतई के दौरान महिला की मौत के मामले की जांच में कटिहार के हाजीपुर गैंग का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर छापेमारी की, लेकिन सभी आरोपी फरार मिले।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली। इसके अलावा एक और बाइक बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल पूर्णिया शहर के विभिन्न इलाकों में मोबाइल और चैन छिनतई की कई वारदातों को अंजाम देने में किया गया था।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार शहर के विभिन्न स्थानों पर संचालित चाय दुकानों में से एक दुकान का संचालक इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि वह छिनतई और चोरी के मोबाइल इकट्ठा कर उन्हें नेपाल भेजने का काम करता था।
एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के मोबाइल फोन की जांच में 29 ऐसे मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनका संबंध मोबाइल चोरी, खरीद-बिक्री और तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस सभी संदिग्धों की पहचान कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Post a Comment