कोढ़ा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कोढ़ा गैंग के सक्रिय सदस्यों के घरों से गया जिले में लूटी गई छह सोने की चेन बरामद की हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी बरामद चेन गया पुलिस को सुपुर्द कर दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद सोने की चेन गया जिले के रामपुर, टेकारी, कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में जून एवं जुलाई 2026 के दौरान हुई छिनतई की अलग-अलग घटनाओं से संबंधित हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
कोढ़ा थाना पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान के दौरान कोढ़ा गैंग के सक्रिय सदस्यों के घरों की तलाशी ली, जहां से कुल छह सोने की चेन बरामद हुईं। इसके बाद जब्ती सूची तैयार कर सभी जेवरात विधिवत गया पुलिस को सौंप दिए गए, ताकि संबंधित कांडों में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।
थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि कोढ़ा गैंग के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा लूट की अन्य घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Post a Comment