कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एनएच-31 स्थित मूसापुर चौक के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुराबगंज नया टोला निवासी सिंटू यादव के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बरामद काले रंग की पल्सर-220 मोटरसाइकिल के कागजातों की जांच और पूछताछ में वाहन चोरी का होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के कई आपराधिक मामलों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कोढ़ा थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती, वाहन जांच और विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
Post a Comment