कोढ़ा प्रखंड की उत्तरी सिमरिया पंचायत के तिरासी गांव में शनिवार को पोखर से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-7 निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार शनिवार सुबह करीब सात बजे घर के समीप स्थित पोखर में जाल लेकर मछली पकड़ने गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम करीब चार बजे ग्रामीणों की नजर पोखर में उसके शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर घर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे तिरासी गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
Post a Comment