कभी-कभी अपराधी अपनी ही गलती से पुलिस के हत्थे चढ़ने की राह आसान कर देते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प मामला बहादुरगंज थाना क्षेत्र के रहमानगंज चौक पर सामने आया, जहां एक शराब तस्कर ने पहले बकरी को टक्कर मारी और फिर घबराकर बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जब पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो सीट और डिक्की से 12.165 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार बकरी को टक्कर मारने के बाद वाहन छोड़कर भाग गया है और बाइक में शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त काले रंग की होंडा एसपी-125 बाइक को लावारिस हालत में बरामद किया। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 12.165 लीटर विदेशी शराब मिली, जिसके बाद बाइक को जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
Post a Comment