:
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ी बस्ती के छात्र शाहील कुमार सहनी की संदिग्ध मौत/गुमशुदगी के मामले में टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पिता हृदय कुमार के लिखित आवेदन पर शाहील के तीन दोस्तों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार 8 जुलाई को शाहील अपने सहपाठी आदित्य कुमार, शिवराज कुमार गुप्ता और आयुष प्रकाश के साथ घर से निकला था। घटना के बाद तीनों दोस्तों ने बताया कि महानंदा नदी में स्नान के दौरान शाहील डूब गया। इसके बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान तीनों दोस्त अलग-अलग बयान देकर उन्हें गुमराह करते रहे, जिससे उन पर संदेह और गहरा गया। इसी आधार पर टाउन थाना में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आदित्य कुमार, शिवराज कुमार गुप्ता और आयुष प्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शाहील की तलाश जारी है। मामले के खुलासे के लिए आरोपितों के मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Post a Comment