Top News

डेंगू के तीन मरीज मिलने पर नगर पंचायत अलर्ट, सोमवार से चलेगा विशेष फॉगिंग अभियान


कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गेराबाड़ी जुराबगंज वार्ड संख्या-1 में डेंगू के तीन मरीज मिलने की सूचना के बाद नगर पंचायत प्रशासन अलर्ट हो गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नगर पंचायत कार्यालय में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर बचाव एवं रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि जुराबगंज निवासी तेगा यादव की बहू, जितेंद्र यादव समेत तीन लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि होने की सूचना मिली है। इसके बाद तत्काल प्रभावित क्षेत्र में विशेष फॉगिंग एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से पूरे वार्ड में फॉगिंग कराई जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे भी अभियान जारी रहेगा।

बैठक में लोगों से अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई। मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पंचायत नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठा रही है और संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post