Top News

पूर्णिया में बड़ी कार्रवाई: बैसा के BDO 46 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, SVU की छापेमारी से मचा हड़कंप

पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजकुमार चौधरी को 46 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक स्थानीय वेंडर राज किरण की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसने बैसा प्रखंड में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत करीब 16 लाख रुपये मूल्य की सामग्री की आपूर्ति की थी। आपूर्ति का भुगतान कराने के लिए फाइल आगे बढ़ाने के एवज में बीडीओ राजकुमार चौधरी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत मिलने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरी रणनीति तैयार की गई।

गुरुवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता बीडीओ के कार्यालय पहुंचा। जैसे ही राजकुमार चौधरी ने वेंडर से 46 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से निगरानी कर रही SVU की टीम ने तत्काल छापेमारी कर उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।
विशेष निगरानी इकाई ने आरोपी बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा-7 के तहत कांड संख्या-21/2026 दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और इस पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
वही गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी बीडीओ को अपने साथ पटना ले गई। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई को पूर्णिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से विशेष निगरानी इकाई की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में व्यापक चर्चा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post