Top News

डीआरयूसीसी बैठक में पूर्णिया की रेल सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठेंगे

:



पूर्णिया। डीआरयूसीसी सदस्य, समस्तीपुर मंडल एवं सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने गुरुवार को पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के बाद राजेश यादव ने बताया कि 18 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय के सभागार में डीआरयूसीसी की बैठक मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक में पूर्णिया एवं आसपास के रेलवे स्टेशनों से जुड़े कई जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर वाशिंग पिट के निर्माण, जनता चौक रेलवे ओवरब्रिज, पूर्णिया कोर्ट से बिहारीगंज तक शाम के समय पैसेंजर ट्रेन के परिचालन की मांग की जाएगी। साथ ही बरहरा कोठी रेलवे स्टेशन तक जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण, स्टेशन पर यात्री शेड, शौचालय, पेयजल एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव रखा जाएगा।

इसके अलावा सरसी स्टेशन, सुखसेना हॉल्ट, महिखंड हॉल्ट और रूपौली हॉल्ट पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी बैठक में उठाई जाएगी। राजेश यादव ने कहा कि सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के निर्देशानुसार क्षेत्र की रेल सुविधाओं में सुधार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा डीआरयूसीसी की बैठक में इन मांगों को मजबूती से रखा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post