Top News

कोसी कटाव पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विधायक से पूछा- 265 करोड़ की योजना आखिर कहां है?

:



कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया स्थित कोसी नदी के भीषण कटाव प्रभावित क्षेत्र में गुरुवार को बरारी विधायक विजय सिंह के दौरे के दौरान ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। विधायक के कटाव स्थल पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और बंबू रोल तकनीक से चल रहे कटाव निरोधी कार्य पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह नाकाफी बताया। लोगों का कहना था कि इस तकनीक से कटाव नहीं रुक रहा है और गांव का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।

कटाव संघर्ष समिति और ग्रामीणों ने विधायक से वर्षों से चर्चित 265 करोड़ रुपये की स्थायी कटाव निरोधी योजना का हिसाब मांगा। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले चुनाव में भी इसी योजना का हवाला देकर भरोसा दिलाया गया था, लेकिन आज तक धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। लोगों ने सवाल किया कि "आखिर 265 करोड़ रुपये कहां गए? जब गांव लगातार कट रहा है तो योजना जमीन पर क्यों नहीं दिख रही?"

ग्रामीणों के तीखे सवालों के बीच विधायक विजय सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 265 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत है, लेकिन अब तक राशि खर्च नहीं हुई है। सरकार इस परियोजना के लिए विश्व बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि ऋण स्वीकृत होने के बाद विदेशी तकनीक से स्थायी तटबंध और आधुनिक कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा।

हालांकि विधायक के इस जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि "जब तक पैसा आएगा, तब तक हमारा गांव और घर ही नहीं बचेंगे। हर साल सिर्फ आश्वासन मिलता है, लेकिन कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है।"

ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल प्रभावी कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कोसी नदी के लगातार बढ़ते कटाव से तीनघरिया समेत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों परिवारों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post