Top News

बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर प्रशिक्षण, आपदा मित्रों व जनप्रतिनिधियों को दिए बचाव के गुर


कुरसेला। संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कुरसेला प्रखंड सभागार में अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम की अध्यक्षता में प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की नागरिक सुरक्षा इकाई के मास्टर ट्रेनर ने आपदा मित्रों, जनप्रतिनिधियों एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि गंगा और कोसी नदी से घिरा होने के कारण कुरसेला प्रखंड बाढ़ की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। जलस्तर बढ़ने पर कई पंचायतों के वार्ड प्रभावित हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर स्वयं के साथ अन्य लोगों की जान बचाई जा सकती है।

मास्टर ट्रेनर ने बाढ़, आग एवं अन्य आपदाओं के दौरान सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, राहत एवं बचाव कार्य तथा घरेलू सामान की मदद से आपात स्थिति से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य लोगों को आपदा के प्रति जागरूक, सतर्क एवं आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।
कार्यक्रम में आपदा मित्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post