Top News

पिता की स्मृति में चार भाइयों ने भेंट किया शव डीप फ्रीजर, समाजसेवा की पेश की मिसाल


कटिहार जिले के फलका प्रखंड के सालहेपुर गांव में समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। गांव के भट्ठा संचालक अब्दुल कलाम आजाद एवं उनके भाइयों मो. आफताब आलम, हाफिज इफ्तेखार और मो. इम्तियाज आलम ने अपने दिवंगत पिता मो. इस्लाम की स्मृति में मदरसा इस्लाहुल मुस्लमीन स्थित जामा मस्जिद कमेटी को आधुनिक शव डीप फ्रीजर भेंट किया।

करीब 90 हजार रुपये की लागत से उपलब्ध कराया गया यह शव डीप फ्रीजर अब क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत का माध्यम बनेगा। परिजनों के दूर-दराज में होने या अन्य कारणों से अंतिम संस्कार अथवा दफन प्रक्रिया में विलंब होने की स्थिति में शव को सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह पहल उनके मरहूम पिता के लिए सदका-ए-जारीया के रूप में की गई है, ताकि समाज को निरंतर इसका लाभ मिलता रहे और इसका पुण्य उनके पिता को भी प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि समाज के दुख-दर्द में सहयोग करना ही उनके पिता की सीख रही है और उसी भावना को आगे बढ़ाने का यह एक छोटा-सा प्रयास है।

शव डीप फ्रीजर समर्पण के अवसर पर मस्जिद परिसर में कुरान खानी का आयोजन किया गया। इस दौरान मरहूम मो. इस्लाम की मगफिरत और जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम के लिए विशेष दुआ की गई।

कार्यक्रम में मौलाना इजराइल अहमद कासमी, हाजी अयूब, अकबर आर्ट, कैसर राजा, मोहम्मद सरफराज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने चारों भाइयों की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post