रुपये की लालच में अंधी मां से मात्र 2 लाख रुपये में नाबालिग लड़की को खरीद कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला थाने की पुलिस ने मोतीहारी पुलिस के सहयोग से ढ़ाका थाना क्षेत्र स्थित नरकटिया निवासी 25 वर्षीय अमित राय पिता शिवाजी राय को गिरफ्तार कर लिया। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ज्ञातव्य है कि पुलिस ने अपनी नाबालिग बेटी का सौदा करने वाली मां को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र निवासी आरोपी महिला ने अपनी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी को मात्र दो लाख रुपये में युवक के पास बेच दिया था। गत 9 जनवरी को घटित घटना के बाद आरोपी अमित राय अपने सहयोगियों की मदद से पीड़िता को अपने घर ले गया। जहां अमित ने पीड़िता को एक कमरे में बंद कर दिया और हत्या करने की धमकी दे कर लगातार दुष्कर्म करने लगा। इस बीच एक दिन पीड़िता ने मौका पाकर अपने पिता को आपबीती सुनाई। पिता ने मोतीहारी पुलिस के सहयोग से पीड़िता को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया और उसे घर वापस ले आये। घर वापस लौटने के बाद पीड़िता अपने पिता के साथ महिला थाने पहुंची। जहां पीड़िता की आपबीती सुनकर पुलिस कर्मियों के रौंगटे खड़े हो गए। फौरन पीड़िता के लिखित शिकायत पर आरोपी मां और युवक के साथ साथ नौ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
Post a Comment