Top News

24 घंटे में दो यूनिट रक्त उपलब्ध कर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने निभाया संकल्प


सरसी थाना के एडिशनल प्रभारी भरत पासवान की पत्नी सोनाली कुमारी के उपचार के लिए आवश्यक एबी पॉजिटिव रक्त की दो यूनिट विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने मात्र 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई।

जानकारी के अनुसार, सोनाली कुमारी पूर्णिया के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने उनके उपचार के लिए तत्काल एबी पॉजिटिव रक्त की दो यूनिट की आवश्यकता बताई थी। सूचना मिलते ही संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को रक्त की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

इसके बाद संगठन के पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश सिंह ने एक यूनिट तथा वार्ड संख्या-9 के वार्ड अध्यक्ष जीवन दास ने दूसरी यूनिट रक्तदान कर आवश्यक रक्त की व्यवस्था पूरी की। इस प्रकार संगठन ने तय समय के भीतर दोनों यूनिट रक्त उपलब्ध कराकर अपना संकल्प पूरा किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मानव सेवा, राष्ट्र सेवा और धर्म सेवा को सर्वोच्च दायित्व मानते हुए हर जरूरतमंद की सहायता के लिए सदैव तैयार रहता है। उन्होंने रक्तदाता राजेश सिंह एवं जीवन दास की सराहना करते हुए कहा कि उनका सेवा भाव अन्य युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा।

सरसी थाना के एडिशनल प्रभारी भरत पासवान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, संगठन के सभी पदाधिकारियों तथा दोनों रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में संगठन ने जिस तत्परता से आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया, वह अत्यंत सराहनीय है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, अनिकेत कुमार, शुभम कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post