Top News

डीएम के निर्देश पर कुरसेला के निजी स्कूलों का औचक निरक्षण

:


जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर शुक्रवार को कुरसेला प्रखंड के निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आई, जिस पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए विद्यालय प्रबंधन को जल्द सुधार करने का निर्देश दिया।

अंचलाधिकारी (सीओ) अनुपम कुमारी ने अयोध्यागंज बाजार स्थित शिक्षा भारती स्कूल तथा स्टेशन रोड स्थित लंदन किड्स स्कूल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय, खेल मैदान, अग्निशमन यंत्र, आरओ युक्त पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, पुस्तकालय, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई।

जांच में कई आवश्यक मानकों की कमी पाई गई। विशेष रूप से शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, खेल मैदान और अग्निशमन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इन कमियों पर सीओ अनुपम कुमारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन को तत्काल आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों का विस्तृत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीओ ने स्पष्ट किया कि निजी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निजी विद्यालयों को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप का माहौल है। वहीं अभिभावकों ने उम्मीद जताई है कि ऐसे नियमित निरीक्षण से विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं में सुधार होगा और बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post