Top News

बरारी में मिनी अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 कट्टा, दोनाली बंदूक व लेथ मशीन बरामद

:

बरारी थाना पुलिस ने एसटीएफ पूर्णिया एवं डीआईयू कटिहार के संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मिनी अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चार देशी कट्टा, एक दोनाली बंदूक, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण और एक लेथ मशीन बरामद की है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 23 जुलाई 2026 की रात बरारी थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बलुआ से कलिकापुर जाने वाली सड़क पर सुजापुर चौक से करीब 600 मीटर दूर बांसमिट्टी स्थित एक टीन निर्मित वेल्डिंग की दुकान में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ पूर्णिया, डीआईयू कटिहार और बरारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि 24 जुलाई की अहले सुबह करीब 3:15 बजे पुलिस टीम ने उक्त स्थान की घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जिसकी पहचान कजरा निवासी 24 वर्षीय मो. रजाउल अंसारी के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान कमरे के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए दो बोरों से चार देशी कट्टा, एक दोनाली बंदूक तथा एक अर्द्धनिर्मित कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त बैरल, बॉडी, ट्रिगर, हैमर, फॉर्मा, खोखा, विभिन्न लोहे के पार्ट्स और एक लेथ मशीन भी जब्त की गई। आरोपी के पास से एक वीवो Y11 5G मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लेथ मशीन की सहायता से अवैध हथियार तैयार कर दियारा क्षेत्र में उनकी बिक्री करता था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध बरारी थाना में पूर्व से डकैती की तैयारी एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कटिहार पुलिस अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post