Top News

इंस्टाग्राम पर बरारी की मुख्य पार्षद को जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार


बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने कटिहार पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है तथा आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।

मुख्य पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, "manish40055ghkfjjr7" नामक इंस्टाग्राम आईडी से स्वयं को मनीष राज बताने वाले व्यक्ति ने वीडियो और संदेश भेजकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कहा कि वह घर में घुसकर गोली मार देगा और कोई गार्ड, सुरक्षा कर्मी या उनके पति भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।

बबीता कुमारी ने आवेदन में कहा है कि इस धमकी के बाद वह और उनका परिवार काफी भयभीत हैं तथा मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें दिन-रात क्षेत्र में लोगों के बीच रहना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।

मुख्य पार्षद ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान की जाए, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post