:
नगर पंचायत बरारी के वार्ड संख्या-3 में सड़क निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में सड़क पर गंदा पानी जमा हो जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहम्मद सीत्तर के घर से रूप मास्टर के घर तक करीब 1100 फीट लंबी सड़क की स्थिति काफी जर्जर है। सड़क नहीं होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलजमाव से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद मैमूर ने कहा कि इस सड़क के निर्माण की मांग कई बार नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि स्थायी सड़क निर्माण में समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल बारिश के मौसम को देखते हुए सड़क पर राबिश (ईंट-गिट्टी एवं मलबा) डालकर इसे आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी उपेक्षा उचित नहीं है।
इस मौके पर मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद नजीबुर, मोहम्मद दिलदार, फिरोज आलम, मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद निजाम, मोहम्मद मजिम्मिल, मोहम्मद साबिर, खुशबूर आलम सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में नगर पंचायत प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने तथा तब तक अस्थायी रूप से राबिश डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की।
Post a Comment